उपमंडल की दुर्गम पंचायत काशापाट सड़क भी बनैड़ा के पास बुधवार रात को भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क का कई मीटर हिस्सा गायब हो गया और सड़क दो हिस्सों में बंट गई। ग्रामीणों को पैदल आवाजाही के लिए भी जगह नहीं बची है। भूस्खनल वाली जगह खाई में तब्दील हो गई है। इसलिए डंगा निर्माण में भी काफी समय लग सकता है। क्षेत्र के बागवानों को सेब सीजन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्र में हजारों सेब पेटियों को मंडी तक पहुंचाना बागवानों के लिए चुनौती बन जाएगा। सड़क बाधित होने से काशा, छलटा और शरनाल गांव का संपर्क कट चुका है। पंचायत प्रधान पुष्पा सनाटू ने कहा कि भारी बारिश के कारण काशापाट सड़क बनैड़ा में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं एक सप्ताह बाद सेब सीजन भी शुरू होना है। उन्होंने सरकार, प्रशासन और लोनिवि से शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।