लंबे समय से पशु चिकित्सा की सुविधा से जूझ रहे हजारों ग्रामीणों को जल्द ही पशुओं के बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। रामपुर और कुमारसैन उपमंडल के विभिन्न पशु चिकित्सालय और औषधालयों में रिक्त पदों पर पशु मित्र सेवाएं देंगे। पशु मित्र भर्ती के तहत 11 और 12 अप्रैल को रामपुर के पीजी कॉलेज मैदान पाटबंगला में फिजिकल टेस्ट लिए जाएंगे। दोनों उपमंडलों के कुल 19 पदों के लिए कुल 210 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इनमें 70 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ज्यूरी एवं सदस्य सचिव डॉ. अनिल शर्मा ने बताया कि पशु मित्र की शारीरिक परीक्षा उपमंडल कुमारसैन और रामपुर के लिए 11 और 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। उपमंडल कुमारसैन के पशु चिकित्सालय और औषधालय कुई, शथला, कुमारसैन और मलेंडी के सभी अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक परीक्षण 11 अप्रैल को आयोजित होगा। इसी दिन रामपुर की महिला आवेदनकर्ताओं का भी शारीरिक परीक्षण होगा। उन्होंने बताया कि उपमंडल रामपुर में कुल 15 पद भरे जाएंगे। इनमें शीप ब्रीडिंग फार्म ज्यूरी, पशु चिकित्सालय ननखड़ी, पशु औषधालय पुनन, पशु चिकित्सालय तकलेच, पशु चिकित्सालय दोफदा, पशु औषधालय देलठ, सीमेन बैंक ज्यूरी, पशु औषधालय थैली चकटी, पशु औषधालय बधाल और पशु औषधालय खोलीघाट शामिल हैं। शर्मा ने बताया कि उपमंडल रामपुर के सभी पुरुष अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण 12 अप्रैल को होगा। उन्होंने दोनों उपमंडलों के अभ्यर्थियों से आह्वान किया है कि सभी प्रात: 8:00 बजे पीजी कॉलेज रामपुर मैदान पाटबंगला में पंजीकरण हेतु उपस्थित हों, ताकि शारीरिक परीक्षण सुचारु रूप से संपन्न किया जा सके। उन्होंने बताया कि पशु मित्र नीति-2025 के संशोधित प्रावधानों के अनुरूप चयन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पशु पालन विभाग, पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई है। शारीरिक परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1500 मीटर और पुरुषों को 30 मिनट में पांच हजार मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों की शारीरिक सहनशक्ति, सामान्य फिटनेस, फुर्ती और कार्य क्षमता का भी मूल्यांकन किया जाएगा।