स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को रामपुर बुशहर के नगर परिषद सभागार में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। रक्तदान सेवा परिवार की ओर से आयोजित यह 62वां शिविर था। शिविर में झाकड़ी स्थित गैरीसन 831 लाइट रेजीमेंट के सेना के जवानों ने भी रक्तदान कर सेवा और देशभक्ति का संदेश दिया। शिविर के दौरान कुल 27 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान सेवा परिवार, भारतीय सेना और नगर परिषद के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने किया। इस अवसर पर सेना के अधिकारी भी मौजूद रहे। सेना के जवानों के अलावा स्थानीय लोगों और नगर परिषद के पदाधिकारियों ने भी रक्तदान किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। खनेरी अस्पताल से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने रक्तदाताओं से रक्त एकत्रित किया। आयोजकों ने बताया कि एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा। रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी के अध्यक्ष नितेश भारती ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शिविर आयोजित करने का उद्देश्य देशभक्ति की भावना के साथ समाजसेवा का संदेश देना है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है और कई लोगों की जान बचाने में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सेना के जवानों, स्थानीय लोगों, नगर परिषद प्रतिनिधियों और शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, तिलक राज, पुनित गुप्ता, अनिल मोक्टा, संदीप शर्मा, जितेंद्र कश्यप, ज्योति लाल सानी, प्रदीप, विक्की मोक्टा और अजय कपूर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।