उपमंडल रामपुर की नोगवैली के बाहली में आग की भेंट चढ़े टरू नरेल मंदिर का सोमवार को प्रशासन की टीम ने जायजा लिया। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम मंदिर पहुंची और नुकसान का बारीकी से जांच पड़ताल की। रविवार दोपहर बाद मंदिर में आग भडक़ गई। हालांकि ग्रामीणों ने आग बुझाने के हरसंभव प्रयास किए, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। करीब 10 लाख की राशि से निर्मित मंदिर जलकर राख हुआ। वहीं करीब सेब के 70 से 80 फलदार पौधे चढ़े आग की भेंट चढ़े। मौके पर पहुंचे उप मंडलाधिकारी ने आगजनी की घटना में तबाह हुए टरू मंदिर का जायजा लिया और मंदिर समिति पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया। कहा कि मंदिर पुनर्निर्माण के लिए सरकार की तरफ से सहायता राशि स्वीकृति का प्रावधान नहीं है। उन्होंने सलाह दी है कि मंदिरों की सुरक्षा के मद्देनजर समिति को मंदिर को बीमा पॉलिसी के तहत लाने के प्रयास करने चाहिए, ताकि समय रहते नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए मुआवजा मिल सके। उनके साथ नायब तहसीलदार और पटवारी भी मौजूद रहे। इस मौके पर मंदिर समिति प्रधान खेल चंद नेगी, उप प्रधान गौरी दत्त नेगी, महासचिव जीएल डमालू, कोषाध्यक्ष दुर्गा दत्त शर्मा और वीरेंद्र नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।