अतिरिक्त उपायुक्त काजा शिखा ने वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत एडीसी कार्यालय काजा के सम्मेलन कक्ष में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला एवं जागरुकता शिविर के समापन अवसर पर उपस्थित पंचायतों के प्रधानों, उप प्रधानों, पंचायत सचिवों व संबंधित पंचायतों के एफआरसी प्रधान, उपप्रधान व राजस्व तथा वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यशाला से उन्हें इस अधिनियम के बारे में कुछ नया सीखने को अवश्य मिला होगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्रदान करने का मुख्य उद्देश्य वन अधिकार अधिनियम के तहत की जाने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं में तेजी लाना है ताकि लंबित पड़े मामलों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जा सके। इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न पंचायतों के जन प्रतिनिधियों सहित नव नियुक्त वन मित्रों ने भी भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर सोनम तरगे और टकपा तेनजिन ने उपस्थित लोगों को वन अधिकार अधिनियम के तहत की जाने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी व विभिन्न जरूरी दस्तावेजों के बारे में जानकारी प्रदान की।