मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन संबंधित सीटू की ब्लॉक इकाई ननखड़ी की बैठक यूनियन अध्यक्ष कुशल्या की अध्यक्षता में निरथ में आयोजित हुई। बैठक में सीटू जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह,जीत राम, कुशल्या, अंजली मेहता, सीता, नरोत्तमा, किरना, निर्मला देवी, फुल्ला देवी, रीता, शकता, गौरा, कमला, हीरा, किरता, कलावती, गंगा देवी, सोधा देवी, सीता, राम सिंह, संध्या आदि शामिल रहे। सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, यूनियन अध्यक्ष कुशल्या और महासचिव कलावती ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मिड-डे मील वर्कर्स की मांगों व मोदी सरकार की मिड-डे मील वर्कर्स विरोधी नीतियों के खिलाफ 20 मई को एक दिवसीय देशव्यापी आम हड़ताल होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यरत 21 हजार मिड-डे मील कर्मियों की स्थिति बेहद दयनीय है। इनके लिए मात्र 4500 रुपये प्रतिमाह वेतन घोषित किया गया है जोकि कई महीनों तक नहीं मिलता है। समय पर वेतन न मिलने से मिड- डे मील कर्मियों को अपना जीवनयापन करना बेहद मुश्किल हो रहा है। कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय ने फैसला दिया है कि मिड-डे मील कर्मियों को 10 महीने के बजाय 12 महीने का वेतन दिया जाए लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक इस फैसले को लागू नहीं किया गया है।