लवी मेला मैदान में सोमवार को अश्व प्रदर्शनी का रोमांच देखने को मिला। प्रदर्शनी के अंतिम दिन अश्व पालकों के लिए घुड़दौड़, गुब्बारा फोड़ और सर्वश्रेष्ठ अश्व का चयन किया गया। अश्व प्रदर्शनी के समापन अवसर पर सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। सुबह 11:00 से 1:00 बजे तक प्रदर्शनी में पहुंचे अश्वों में सर्वश्रेष्ठ अश्वों का चयन किया गया। अंतिम निर्णय के अनुसार सराहन, घराट निवासी अनीश नेगी का स्पीति अश्व नस्ल का नर घोड़ा प्रथम स्थान पर रहा, जिसे 2 हजार नकद और ट्राफी से पुरस्कृत किया गया। वहीं मादा वर्ग में किन्नौर के खाब निवासी अमी चंद की घोड़ी प्रथम रही। उन्हें भी 2 हजार नकद और ट्रॉफी से पुरस्कृत किया गया। इसके बाद मैदान में घुड़दौड़ का रोमांच शुरू हुआ। 400 और 800 मीटर दौड़ में कुल 6 घुड़सवारों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए इस बार भी ननखड़ी तहसील के सूरड़ बंगला के धर्मपाल ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं ठियोग फागू के हैप्पी ने दोनों वर्गों में दूसरा स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर विधायक नंद लाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रदर्शन में आए अश्व पालकों और व्यापारियों को आगामी साल में भी इसी तरह से प्रदर्शनी की शोभा बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए कृत संकल्प है। इस मौके पर विधायक नंद लाल की धर्मपत्नी सत्या, एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य बिमला शर्मा, बीडीसी सदस्य सुदेश, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव सुनील कायथ, एनएसयूआई अध्यक्ष साहिल, देलठ पंचायत प्रधान रूचिका राठौरा, डॉ. अनिल शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।