भारतीय मजदूर संघ ने बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री और केंद्रीय श्रम मंत्री को ज्ञापन सौंपा। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने कहा कि जगन्नाथ पुरी में आयोजित अखिल भारतीय अधिवेशन में श्रमिक हितों से जुड़े पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें श्रम कानूनों का सार्वभौमिक लागूकरण, ठेका प्रथा में सुधार, आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, मिड-डे मील कर्मियों को कर्मचारी का दर्जा और भर्तियों पर लगी रोक हटाने की मांगे उठाई गई। उन्होंने बताया कि हिमाचल में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार को विस्तृत मांग पत्र भेजा जाएगा। संगठित और असंगठित क्षेत्र के लिए न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा, छठे वेतनमान का बकाया एरियर, लंबित डीए का भुगतान, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, हिमाचल सड़क परिवहन निगम को सुदृढ़ करने के लिए 500 करोड़ रुपये का विशेष बजट, रोडवेज का दर्जा, वेतन, पेंशन का ट्रेजरी से भुगतान, वेतन विसंगतियों का समाधान और निजीकरण की प्रक्रियाओं पर रोक प्रमुख मांगें हैं। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ मंडल अध्यक्ष रामपुर प्रकाश बंधु, हिमाचल परिवहन मजदूर संघ रामपुर इकाई सचिव संजीव कुमार , विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ ज्यूरी अध्यक्ष अजीत कंवर, शशि पाल, गुरुदेव, विकास, शुभम, वीरेंद्र कुमार, हरीश कुमार और जगदीश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।