शलाटी घोड़ी के अधिष्ठाता देवता नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू 15 मई को 12/20 क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। नरेशर देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर देवठी मंदिर में पहुंचकर बिरशी मेले की शोभा बढ़ाएंगे। अधिष्ठाता देवता साहिब नरेशर लक्ष्मी नारायण कुमसू लाव-लश्कर के साथ रवाना होंगे। देवता साहिब लक्ष्मी नारायण मंदिर न्यास कमेटी कुमसू की बैठक अध्यक्ष जीवन चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शलाटी घोड़ी के ग्रामीणों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। बैठक में देवता साहिब के 12/20 क्षेत्र के दौरे को लेकर चर्चा की गई। वहीं मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा आयोजन को लेकर मंथन किया गया। सभी के सहयोग से देवता साहिब के दौरे और श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। देवता साहिब लक्ष्मी नारायण मंदिर न्यास कमेटी कुमसू के अध्यक्ष जीवन चौहान ने कहा कि आराध्य देवता नरेशर के आदेशानुसार मंदिर परिसर कुमसू में श्रीमद्भागवत कथा आयोजन को लेकर बैठक की गई। बैठक में उपस्थित सभी लोगों के विचार विमर्श के बाद अक्तूबर में मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा आयोजित करने का फैसला लिया गया है। देवता साहिब के आदेशानुसार कथा के लिए जल्द तिथि निर्धारित की जाएगी। वहीं बैठक में देवता साहिब कालेश्वर छिज्जा देवठी 12/20 के बिरशी मेले में देवता साहब के निमंत्रण पत्र पर चर्चा की गई। यह मेला देवठी में 15 मई को देवता साहिब छिज्जा कालेश्वर मंदिर परिसर देवठी में मनाया जाएगा। बैठक में सभी ग्रामीणों से चर्चा के बाद मंदिर कमेटी ने दौरे को लेकर हामी भरी है।