कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ननखड़ी में विकास कार्यों पर ग्रहण लगा हुआ है। सड़कें खस्ताहाल हैं और बस सेवाएं भी प्रभावित चल रही हैं। हजारों लोग परेशानियां झेलने को मजबूर हैं। देलठ में आयोजित भाजपा की बैठक में नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर अनदेखी के आरोप लगाए। मंगलवार को भाजपा ग्राम केंद्र देलठ में बैठक का आयोजन किया गया। ग्राम केंद्र अध्यक्ष नरेंद्र देव शर्मा की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। बैठक में भाजपा मंडल सचिव ग्राम केंद्र के प्रभारी अशोक कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में 13 तारीख को प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास होने के उपलक्ष्य पर शिमला में होने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर भाग लेने पर भी मंथन किया गया। बैठक में देलठ क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। देलठ में तीन साल से पीएचसी का कार्य अधूरा पड़ा है। बैठक में टुटू, देलठ-टिकरी संपर्क सड़क की खस्ताहाल पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर करांगला पंचायत प्रधान निशा भगेट, मंडल आईटी संयोजक धर्मपाल कायथ, बूथ अध्यक्ष मस्तराम कौशल, बूथ पालक, नरेश गौतम, उदय सिंह, हरदयाल सिंह, प्रकाश चंद, दीप सिंह, नेकराम शर्मा और राजेंद्र शुक्ला सहित कई अन्य मौजूद रहे।