बल्ह उपमंडल के तहत आने वाले गुरकोठा डाकघर को यहां से बदलने का मामला दिनों दिन तूल पकड़ता जा रहा है। तीन दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने आज मंडी में डाक विभाग के उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर अपने वादे को पूरा करते हुए गुरकोठा में शाखा कार्यालय खोलने की मांग उठाई। अधिकारियों से मिलने के बाद ग्रामीणों ने बताया कि अब अधिकारी अपने वादे से मुखर रहे हैं। जमना ठाकुर ने बताया कि डाक विभाग के अधिकारियों ने पहले कहा था कि गुरकोठा में शाखा कार्यालय खोला जाएगा लेकिन अब अधिकारी इसे लंबी प्रक्रिया बताते हुए अपनी बात से मुखर रहे हैं। इन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जब तक गुरकोठा में शाखा कार्यालय नहीं खोला जाएगा तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा और यहां से डाकघर को शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा। गुरकोठा डाकघर में पिछले तीन दिनों से ताला लटका हुआ है। विभाग के अधिकारी रविवार को सामान शिफ्ट करने आए थे लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते उन्हें खाली हाथ ही वापिस लौटना पड़ा था। ग्रामीण कमल कुमार और कोठी गुरकोठा पंचायत की पूर्व प्रधान रीना राठौर ने बताया कि इस डाकघर के साथ छह पंचायतों की हजारों की आबादी जुड़ी हुई है। यदि डाकघर को बदला जाता है तो लोगों को अपने सभी दस्तावेजों को अपडेट करवाना पड़ेगा जिससे उनके धन और समय की बर्बादी होगी।