लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का कहना है कि नगर निगम मंडी के विकास के लिए केंद्र सरकार की अर्बन चैलेंज फंड के तहत 180 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी उन्होंने आज मंडी में नगर निगम के चुनाव प्रचार के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अभी हाल ही में केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए इस योजना के तहत 1200 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है जिसमें से 180 करोड़ मंडी नगर निगम पर खर्च किए जाएंगे। इसके तहत इंदिरा मार्किट की सिवरेज और ड्रेनेज के रिवाइटलाइजेशन और रिवैंपिंग, पंचवक्त्र मंदिर के पास ब्यास नदी के तट पर घाट का निर्माण और बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण करवाने का कार्य प्रमुख रूप से किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद गठित होने वाली नई नगर निगम में इन कार्यों को तुरंत प्रभाव से शुरू कर दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इसी योजना के तहत शहर के साथ बन रहे शिवधाम के लिए 15 करोड़ की लागत से एस्केलेटर या ऐलिवेटर को बनाने की योजना भी तैयार की गई है। विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उस बयान पर भी पटलवार किया जिसमें उन्होंने कहा था कि दौंहदी वार्ड की जनता कांग्रेस के साथ खेला करेगी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेला करने का काम भाजपा ही करती है और वह ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते। हम यहां विकास के नाम पर वोट मांगने आए हैं।