पंचायत समिति सुंदरनगर के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को विकास खंड कार्यालय सुंदरनगर में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अध्यक्ष पद पर रोशन लाल और उपाध्यक्ष पद पर जीतराम निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की देखरेख में हुए चुनाव में पंचायत समिति के 16 में से 14 सदस्य मौजूद रहे। अध्यक्ष पद के लिए वार्ड-3 सलापड़ कॉलोनी से रोशन लाल और उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड-8 जड़ोल से जीतराम ने नामांकन दाखिल किया। दोनों पदों पर किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा, जिसके चलते दोनों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई दी। इस दौरान उम्मीद जताई गई कि पंचायत समिति के नए नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी। उधर, सुंदरनगर पंचायत समिति में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जंवाल ने विजयी प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर परिषद और दोनों पंचायत समितियों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि हालिया पंचायती राज चुनावों के नतीजे प्रदेश में भाजपा के बढ़ते जनसमर्थन का संकेत हैं।