वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की एनसीसी कैडेट डुमेश कुमारी ने हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट दार्जिलिंग द्वारा आयोजित एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स पूरा करते हुए 18,000 फीट ऊंचे माउंट बी.सी. रॉय शिखर पर तिरंगा फहराया। वह पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ निदेशालय से इस कोर्स में भाग लेने वाली एकमात्र कैडेट रहीं। यह कठोर कोर्स 21 अक्तूबर से 17 नवम्बर 2025 तक पूर्वी हिमालय की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में आयोजित किया गया। इसमें रॉक क्राफ्ट, स्नो क्राफ्ट, आइस तकनीक, ग्लेशियर मूवमेंट और हाई एल्टीट्यूड कुकिंग जैसी उन्नत पर्वतारोहण विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया। डुमेश ने 15 किलोग्राम भार के साथ 13 किलोमीटर की अनिवार्य स्पीड ट्रेक निर्धारित समय से पहले पूरी कर अपनी उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया। महाविद्यालय पहुंचने पर उनका हाई टी के साथ सम्मान किया गया। प्राचार्य डॉ संजीव कुमार और एनसीसी अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उपलब्धि को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया। गोहर क्षेत्र की रहने वाली डुमेश बीए तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। उनके इस प्रदर्शन को एनसीसी 1 एचपी गर्ल्स बटालियन और महाविद्यालय के लिए प्रेरणा स्रोत बताया गया।