जून माह में तपती धूप के दौरान एक और जहां घर से बाहर निकलने के लिए भी महिलाएं कतरा रही है। वहीं, पुलिस थाना जोगिंद्रनगर की वीरांगनाएं अपनी सेवाओं का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कर पर्यटक वाहनों और सवार यात्रियों को राहत प्रदान कर रही हैं। महिला पुलिस कर्मियों के इस जज्बे को देखकर हर कोई सलाम कर रहा है। वीरांगनाओं के इस जज्बे पर स्थानीय लोगों, व्यापार मंडल समेत विभिन्न सामाजिक संगठनाें के पदाधिकारियों ने भी सराहना की है। हाईवे पर गुजर रहे कुछ पर्यटक वाहनों में सवार यात्रियों ने महिला पुलिस कर्मियों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है, जिसमें महिला पुलिस कर्मियों की सेवाओं को खूब सराहा जा रहा है। बता दें कि पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में तैनात प्रभारी सकीनी कपूर ने एएसआई रूकमणी और पुलिस चौकी बस्सी, लडभड़ोल, घट्टा ( चौंतड़ा) में कुल 12 वीरांगनाओं को मंडी पुलिस ने दायित्व सौंपा है। इनमें शामिल स्थानीय पुलिस थाने की वीरांगना अमिता, रणजीता, आशा, वनिता, नोडल ऑफिसर किरणा, अंजू, होमगार्ड में शामिल किरण, बस्सी पुलिस चोकी में तैनात महिला पुलिस कर्मी सपना, आशा, घट्टा में तैनात ममता, लडभड़ोल में रतना, रेणू अख्तर और अनिता यातायात नियंत्रण के अलावा पुलिस थाने के हर कामकाज का बखूबी निभा रही है। 'मंडी पुलिस में तैनात महिला पुलिस कर्मी सौंपे गए दायित्व बखूबी निभा रही है। प्रदेश में आ रहे पर्यटकों व स्थानीय वाहन चालकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए महिला पुलिस कर्मी डटी हुई हैं'। -साक्षी वर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी।