मंडी शहर के पुराना सुकेती पुल के नीचे सुकेती खड्ड से एक अज्ञात व्यक्ति का शव शुक्रवार दोपहर को बरामद होने सनसनी फैल गई। मौके पर सुकेती पुल के ऊपर व बाईपास पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की और शव कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक पिट्ठू बैग भी बरामद किया है। इस बैग से पुलिस को फिलहाल एक पैंट के अलावा कुछ और नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर लगभग 2:30 बजे पुलिस थाना सदर मंडी को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति का शव पुराने सुकेती पुल के नीचे सुकेती खड्ड के पानी में देखा गया है। इस पर थाना सदर की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पानी के बीच से शव को बाहर निकाला। मौके पर लगभग 40 से 45 वर्षीय एक पुरुष का शव बरामद हुआ। पुलिस टीम ने शव को बाहर निकाला। शव पर चेहरे में पुलिस को चोट के निशान भी मिलें है। जिससे शख्स की गिरने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। जांच पड़ताल में मृतक के पास कोई भी दस्तावेज, मोबाइल या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिसकी सहायता से उसकी पहचान स्थापित की जा सके। शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जोनल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए आसपास के लिए पुलिस थानों को सूचित कर दिया है। मृतक की पहचान के लिए प्रक्रिया जारी है। उधर, एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच पड़ताल जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण साफ होंगे।