अटूट आस्था, सच्ची श्रद्धा और बाबा बालक नाथ जी के प्रति गहरी भक्ति के साथ पंडोह के युवाओं द्वारा एक बार फिर पंडोह स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर से दियोटसिद्ध स्थित बाबा बालक नाथ के पावन दरबार तक चौथी पैदल यात्रा निकाली जा रही है। यह पवित्र यात्रा 13 मार्च शुक्रवार को पंडोह से सुबह लगभग 6 बजे शुरू हो चुकी है और लगातार तीन दिन की कठिन पदयात्रा के बाद तीसरे दिन शाम को श्रद्धालु बाबा की पावन गुफा में माथा टेककर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं रोहित, कृष्ण सैनी,पार्थ वर्मा, विक्रांत सैनी, दीपक सैनी, संजय शर्मा सहित अन्य भक्तों ने बताया कि यह उनकी लगातार चौथी पैदल यात्रा है जिसमे इस बार 20 भक्त शामिल है। उन्होंने कहा कि बाबा जी के प्रति उनकी आस्था ही उन्हें हर साल इस कठिन लेकिन पवित्र यात्रा के लिए प्रेरित करती है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह यात्रा आसान नहीं होती। कई किलोमीटर पैदल चलने के कारण पैरों में छाले पड़ जाते हैं, थकान भी होती है, लेकिन जैसे ही बाबा जी का नाम और जयकारे गूंजते हैं, सारी थकान अपने आप दूर हो जाती है। रास्ते भर भक्त 'जय बाबा बालक नाथ जी' के जयकारों के साथ भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते हैं और पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है। रोहित कुमार, कृष्ण सैनी और पार्थ वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को पंडोह से यात्रा शुरू होंगी, पहला पड़ाव हराबाग और दूसरा पड़ाव बरठी और तीसरे दिन शाम को बाबा बालक नाथ जी कि पवित्र गुफा मे माथा टेक कर वापिसी होगी।