राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के खेल मैदान में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़ी धूमधाम, हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि जोगिंदर पटियाल ने अपने संबोधन में संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह में पुलिस बल, एनएसएस एवं एनसीसी के स्वयंसेवियों ने अनुशासित परेड के माध्यम से शानदार सलामी दी। परेड की सटीकता और अनुशासन ने दर्शकों की खूब प्रशंसा बटोरी। इसके उपरांत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर, डाॅ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मपुर, डीपीएस स्कूल धर्मपुर, न्यू बीम पब्लिक स्कूल धर्मपुर तथा सरस्वती विद्यामंदिर धर्मपुर के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा मैदान भारत माता के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली मंच संचालन डीपी विजय ठाकुर द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे समारोह को रोचक एवं अनुशासित ढंग से आगे बढ़ाया। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, स्वयंसेवियों तथा उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश स्पष्ट रूप से झलकता रहा।