मंडी जिला में आपदा प्रभावितों की मदद के लिए सर्व देवता सेवा समिति ने भी हाथ बढ़ाए हैं। समिति के अध्यक्ष शिव पाल शर्मा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त अपूर्व देवगन को 9 लाख रुपये का चेक भेंट किया। उन्होंने आपदा में कुकलाह स्थित माता काश्मीरी के मंदिर की मरम्मत करने के लिए भी समिति की ओर से हर संभव योगदान का भरोसा दिया है। समिति ने इससे पूर्व कोविड 19 के दौरान, साल 2023 में त्रासदी में भी प्रभावितों की मदद की है। साल 1962 में भी राष्ट्र हित में कई देवी देवताओं के कारदारों ने मंदिर भंडार से सोना चांदी सरकार को भेंट किया है। प्राकृतिक आपदा से जिला के पंडोह क्षेत्र के कुकलाह में स्थित नरोल की देवी के रूप में विख्यात माता काश्मीरी के मंदिर को भी क्षतिग्रस्त किया है। हालांकि मंदिर के अंदर प्राचीन मूर्तियों को कोई क्षति नहीं पहुंची है। आपदा के बाद मूर्तियों को क्षतिग्रस्त मंदिर से सुरक्षित निकाल लिया गया है। उधर, सर्व देवता सेवा समिति के अध्यक्ष शिव पाल शर्मा ने बताया कि देव समाज से जुड़े लोगों ने आपदा प्रभावितों की मदद के लिए योगदान दिया है। इस राशि को उपायुक्त अपूर्व देवगन को सौंप दिया गया है। कुकलाह में माता काश्मीरी के भवन की मरम्मत व जीर्णोद्धार के लिए भी समिति योगदान देगी। जल्दी समिति के पदाधिकारी कुकलाह जाएंगे।