क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों के लिए कार्यरत सद्भावना एनजीओ का पांचवां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्था द्वारा एक भव्य रक्तदान महाशिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 51 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर लोक निर्माण विभाग (PWD) बी.आर. धीमान उपस्थित रहे। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में इस प्रकार के प्रयास प्रेरणादायक हैं और युवाओं को इससे सीख लेकर आगे आना चाहिए। सद्भावना एनजीओ के अध्यक्ष विजय चंदेल ने बताया कि संस्था निरंतर समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा समय-समय पर विभिन्न सामाजिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जिनमें पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण अभियान, जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलवाना, गरीब बच्चों की शिक्षा का खर्च वहन करना तथा समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन को रोकने के लिए जागरूकता अभियान प्रमुख हैं। इसके साथ ही संस्था नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन भी करती रही है। रक्तदान शिविर में कुलदीप जमवाल, विनोद कोतवाल, रमेश सकलानी, मुकेश लखनपाल, प्रिंस जसवाल, संजय ठाकुर, ज्ञान सिंह कटवाल, राकेश मेहर चंद, राजेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश, पुनीत शर्मा, रामस्वरूप शर्मा, शक्ति सिंह, जशन ठाकुर, प्रांजल ठाकुर, अक्षय शर्मा, अनिल कुमार, रचना ठाकुर, सुलेखा देवी व चंचल सिंह ठाकुर सहित अन्य लोगों ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया तथा भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा के कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया गया।