भ्यूली पुल से बिजनी तक सड़क की दशा सुधारने और बरसात से हुए नुकसान की भरपाई के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने साढ़े छह करोड़ रुपये के कार्य शुरू किए हैं। यह सड़क भाग अब एनएचएआई के अधीन आ गया है और इसे मंडी-पधर राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल किया गया है। सड़क के रखरखाव और मरम्मत का जिम्मा गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को सौंपा गया है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि जिला प्रशासन और नगर निगम के निर्देशों के बाद पिछले साल बरसात में हुए नुकसान को देखते हुए ये कार्य करवाए जा रहे हैं। भ्यूली से बिजनी तक छह स्थानों पर सुरक्षा के लिए डंगे लगाए जा चुके हैं। इनमें महिला थाना के पास तीन, विक्टोरिया पुल के पास एक और डीएवी स्कूल के पास एक डंगा शामिल है। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण फिलहाल कुछ स्थानों पर अस्थायी व्यवस्था की गई है। बरसात समाप्त होते ही सड़क पर स्थायी सुधार और टारिंग का काम किया जाएगा। गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के जीएम विकास नागर ने बताया कि महिला थाना के पास नई वर्षाशालिका का निर्माण कर दिया गया है। वहीं, खलियार में पहली बार पानी की निकासी के लिए पक्की नालियों का निर्माण किया जा रहा है।