भारतीय सेना में कर्नल के पद से सेवानिवृत हुए पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कर्नल जीएस शाही ने कहा कि देश की आन बान शान के लिए हमेशा तैयार बैठे सेना के उच्चाधिकारियों के विरूद्ध किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणिंयां वह बर्दाश्त नहीं करेंगे। चौंतड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में मौजूद जोगिंद्रनगर से संबंध रखने वाले सेना के एक उच्चाधिकारी की छवि को धूमिल करने की करने की उन्होंने निंदा की। कहा कि वह मंडी व धर्मशाला में आयोजित होने वाली सैनिकों की उच्च स्तरीय बैठक में अपना पक्ष रखेंगे। मंगलवार को पूर्व सैनिक सदन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कर्नल जीएस शाही ने कहा कि कठिन परिश्रम के बाद सेना में जोगिंद्रनगर के लोगों को अधिमान मिल रहा है। इस पर सियासत कर कुछ भाजपा नेताओं ने इनकी छवि को धूमिल करने के लिए स्थानीय पुलिस को भी झूठी शिकायत पत्र सौंपकर गुमराह करने का प्रयास किया है। इसकी उच्च स्तरीय जांच के लिए वह सेना के उच्चाधिकारियों के संपर्क में है। इससे पहले कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने कहा कि चौंतड़ा में बीते दिनों नशा मुक्ति के एक कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने दुष्प्रचार कर सेना के उच्चाधिकारियों को भी दागदार करने का प्रयास किया है, उसका जवाब वह कानून के माध्यम से देंगे। कहा कि भारत पाक युद्ध में सेना के पराक्रम को लेकर एक और देशवासी गर्व महसूस कर रहे हैं। वहीं जोगिंद्रनगर में भाजपा के तथाकथित नेता व कार्यकर्ता जोगिंद्रनगर से संबंध रखने वाले सेना के उच्चाधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर गैर जिम्मेराना बयान दे रहे हैं। इस मौके पर पूर्व सैनिक नेक राम, विनोद धरवाल भी मौजूद रहे।