यूपीए सरकार में जिन वस्तुओं पर 30 प्रतिशत टैक्स लिया जाता था उसे घटाकर आज 5 और 18 प्रतिशत करके जनता को बहुत बड़ी राहत प्रदान की गई है। यह बात हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज जीएसटी को लेकर हो हल्ला करने वाले कांग्रेसी पहले जनता को यह बताएं कि उनकी सरकार के समय में किस तरह से टैक्स वसूला जाता था। सीमेंट, सेनिटरी पैड, पेंट, फूड, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, रेस्टोरेंट का खना, शैम्पू, कॉफी, टूथपेस्ट, मिनरल वॉटर, मिठाईयां और प्लाईवूड जैसी आइटमों पर 30 प्रतिशत तक टैक्स वसूला जाता था जिसे घटाकर अब 5 और 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे देश की जनता को बहुत बड़ी राहत मिली है। राकेश जम्वाल ने बताया कि बीते 11 वर्षों के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी अनेकों उपलब्धियां हासिल की हैं जिससे देश के लोगों को सीधा लाभ पहुंचा है। जीएसटी के बदलाव भी उसी का ही परिणाम हैं। इसी उपलक्ष पर देश भर में 22 से 29 सितंबर तक बचत उत्सव मनाया जा रहा है। भाजपा का हर नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उन्हें जीएसटी के बदलावों से होने वाले फायदों के बारे में बताएगा ताकि लोग इन्हें सही से समझ सकें और निसंकोच होकर अपनी जरूरतों का सामान सस्ते दामों पर खरीद सकें। इस मौके पर उनके साथ मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, जिला महासचिव कर्ण कौंडल व अन्य मौजूद रहे।