एनएच-003 निर्माण कार्य में लगी कंपनी के मेन गेट पर ठेकेदारों द्वारा तालाबंदी के बाद भाजपा नेता रजत ठाकुर ने स्थानीय कांग्रेस विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे पहले से ही यह बात कहते आ रहे हैं कि विधायक अवाहदेवी चौक पर अपने चहेते ठेकेदारों की पेमेंट दिलवाने के लिए धरने पर बैठे हैं। रजत ठाकुर ने आरोप लगाया कि उस समय विधायक ने दावा किया था कि उनका कोई ठेकेदार कार्य नहीं कर रहा और यदि कोई साबित कर दे तो वे पद से इस्तीफा दे देंगे। भाजपा नेता ने कहा कि अब जबकि ठेकेदारों ने भुगतान न मिलने पर कंपनी के गेट पर ताला जड़ दिया है, यह साफ हो गया है कि अधिकांश ठेकेदार कांग्रेस पदाधिकारी हैं और पार्टी से जुड़े हुए हैं। ऐसे में विधायक को अपने शब्दों पर कायम रहते हुए तत्काल त्यागपत्र देना चाहिए। रजत ठाकुर ने आरोप लगाया कि कंपनी और विधायक की मिलीभगत से ये ठेके चहेते ठेकेदारों को दिए गए। अब जब भुगतान में दिक्कत आई तो विधायक उन्हीं के लिए धरने पर बैठे थे। इसके साथ ही उन्होंने धर्मपुर लोकनिर्माण विभाग में हुए कथित घोटालों पर भी सवाल उठाए। ठाकुर ने कहा कि भूस्खलन से आए पत्थरों को लोनिवि अधिकारियों की मिलीभगत से कंपनी को बेचा जा रहा है। इसी तरह धर्मपुर से मयोह सड़क निर्माण के दौरान निकले पत्थरों को भी करोड़ों रुपये में कंपनी को बेचा गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।