फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: प्यार सिंह ठाकुर बोले- खटारा बसों के सहारे चल रहा निगम, न कर्मशालाओं में पुर्जे और न ही टूलकिट

हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने प्रदेश सरकार और परिवहन निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज मंडी में संपन्न हुए संघ के राज्य सम्मेलन में निगम के कर्मचारियों ने सरकार और प्रबंधन पर कई संगीन आरोप लगाए। इस सम्मेलन में मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा और द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में चल रही कर्मशालाओं की हालत बेहद ही खराब है। इन कर्मशालाओं में न तो कलपुर्जे हैं और न ही काम करने के लिए जरूरी उपकरण। बावजूद इसके परिवहन निगम के कर्मचारी दिन-रात अपनी सेवाएं देकर खटारा बसों को चला रहे हैं। निगम की खटारा बसें अपनी अंतिम सांसों पर चल रही हैं जोकि 10 किमी की दूरी भी तय नहीं कर पा रही हैं। 16 लाख किमी का सफर पूरा कर चुकी बसों को भी चलाया जा रहा है। जो नई गाड़ियां लाई जा रही हैं उनकी मुरम्मत के लिए न तो पुर्जे उपलब्ध हैं और न ही टूलकिट। इन्होंने परिवहन विभाग देख रहे उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से अपने विभाग की तरफ ध्यान देने की मांग उठाई है। प्यार सिंह ठाकुर ने कहा कि उप मुख्यमंत्री के पास परिवहन निगम को बचाने का दायित्व है। लेकिन वे संजीदगी से इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि वे इस तरफ ध्यान देते हैं तो फिर निगम के कर्मचारी भी यात्रियों को सुगम यात्रा करवाने की तरफ ध्यान दे सकते हैं। इन्होंने सरकार और निगम से मांग उठाई कि पूर्व की सरकारों के समय में जो पीस मील वर्कर रखे गए थे उन्हें तुरंत प्रभाव से नियमित किया जाए। इस प्रकार की व्यवस्था पूर्व सरकार द्वारा की गई थी लेकिन मौजूदा सरकार इन्हें नियमित नहीं कर रही है। इन्होंने सरकार को चेताया है कि अगर सरकार ने जल्द ही इनकी समस्याओं और मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया तो फिर ये सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर मंडी संसदीय क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी रहे भाजपा के युवा नेता आश्रय शर्मा, मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता व मजदूर संघ के नेता भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें