मंडी कुल्लू मार्ग पर जोगणी मोड़ के पास सोमवार रात लगभग 9 बजे पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लगातार पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए मार्ग को रातभर बंद रखा गया। जानकारी के अनुसार, रात को पत्थर गिरने की सूचना मिलते ही पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कटोच, ट्रैफिक इंचार्ज चेत राम और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही को रोक दिया ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। अनिल कटोच ने वाहनों को रुकवाया। इसके दो मिनट के भीतर ही भारी भरकम मलबा और पत्थर पहाड़ से नीचे आ गिरे। पुलिस कर्मियों ने अपनी जान हथेली पर रखकर रातभर स्थिति पर निगरानी रखी और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोके रखा। सुबह करीब 5 बजे पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी अपनी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 7 बजे हाईवे को बहाल किया गया। यहां पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी और जेसीबी ऑपरेटर भी अपनी जान की परवाह किये बिना रास्ता खोलने में लगे है। हाईवे खुलने के बाद भी पुलिस की मौजूदगी में एक-एक करके वाहनों को सुरक्षित पार कराया गया। पंडोह चौकी प्रभारी अनील कटोच ने बताया कि फिलहाल मार्ग सुचारू है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क वन-वे है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें, अपनी लेन में चलें और ओवरटेक करने से बचें।