मानसून की सक्रियता के साथ ही धर्मपुर-सरकाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की घटनाएं शुरू हो गई हैं। रविवार को धर्मपुर के निकट कैंची मोड़ के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर और भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग करीब एक घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्री और स्थानीय लोग मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे। राहत की बात यह रही कि मलबा गिरने के समय कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही एनएच निर्माण कंपनी की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से मलबा और पत्थर हटाकर यातायात बहाल किया गया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मपुर-सरकाघाट एनएच पर कई स्थान भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हैं। ऐसे स्थानों पर पहले से मशीनरी और कर्मचारियों की तैनाती आवश्यक है, ताकि सड़क बंद होने की स्थिति में जल्द बहाली की जा सके। एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने बताया कि एनएच निर्माण कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बारिश के दौरान सड़क बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई कर यातायात बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में हर समय जेसीबी मशीनें और आवश्यक स्टाफ तैनात रखने को कहा गया है। साथ ही लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।