सराज विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को कुदरत का कहर देखने को मिला। क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ हुई मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। शिकारी देवी, शैटाधार और तुंगासीगढ़ में ओलावृष्टि के साथ बर्फ के फाहे गिरे जिससे तापमान में गिरावट आई। सराज की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों में ओलों की मार से मटर, सेब और पलम की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया, जिससे किसानों और बागवानों को करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान है। सराज क्षेत्र की चेत, चिऊणी, घाट, बूंग जहलगाड़, थाटा, जुफरकोट, बहलीधार, जरोल, जंजैहली, बूंग रैलचौक और ढीम संगलबाड़ा पंचायतों में दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली। ओलों की मार से फूल झड़ गए हैं और टहनियों को भारी नुकसान पहुंचा है। एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में ओलावृष्टि की सूचना मिली है, राजस्व अधिकारियों को नुक्सान का आंकलन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।