नगर निगम मंडी में सोमवार को हुए मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा ने दोनों प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की। भाजपा समर्थित सुमन नगर निगम की नई मेयर चुनी गईं, जबकि जितेंद्र शर्मा डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए। इस जीत के साथ नगर निगम मंडी में भाजपा ने शीर्ष नेतृत्व पर अपना कब्जा कायम कर लिया। मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर सुबह से ही नगर निगम परिसर में राजनीतिक हलचल बनी रही। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना में भाजपा प्रत्याशी सुमन ने मेयर पद पर जीत हासिल की। वहीं डिप्टी मेयर पद पर भाजपा के जितेंद्र शर्मा विजयी रहे। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया। नवनिर्वाचित मेयर सुमन ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर निगम के समग्र विकास के लिए सभी पार्षदों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।