भूतपूर्व अर्धसैनिक बल इकाई लड़भड़ोल की बैठक बुधवार को इकाई अध्यक्ष बुद्धि सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया और पूर्व सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान अध्यक्ष बुद्धि सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से पूर्व सैनिकों तथा अर्धसैनिक बलों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों की जानकारी साझा की। बैठक का मुख्य आकर्षण सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त महिला अधिकारी लीला चंदेल का भूतपूर्व अर्धसैनिक बल इकाई लड़भड़ोल से जुड़ना रहा। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने औपचारिक रूप से इकाई की सदस्यता ग्रहण की। संगठन के अनुसार लीला चंदेल न केवल लड़भड़ोल इकाई बल्कि जिला मंडी की पहली ऐसी महिला अधिकारी हैं, जिन्होंने एक सिपाही के रूप में अर्धसैनिक बल में भर्ती होकर अपनी मेहनत और समर्पण से उच्च अधिकारी पद तक का सफर तय किया। इकाई के सदस्यों ने लीला चंदेल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके अनुभवों को संगठन के लिए प्रेरणादायक बताया। बैठक के दौरान अन्य सेवानिवृत्त अधिकारियों और जवानों ने भी संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इनमें सुभाष चंद (निरीक्षक, आईटीबीपी), इंद्र सिंह (निरीक्षक, बीएसएफ), सुरेश सिंह (निरीक्षक, आईटीबीपी), मेहर सिंह (हवलदार, सीआईएसएफ) तथा सुभाष चंद (निरीक्षक, सीआरपीएफ) शामिल हैं। इकाई ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से संगठन की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।