फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: मान सिंह ठाकुर बोले- 24 जून तक मांगें नहीं मानीं तो होगा चक्का जाम

एचआरटीसी कर्मचारियों की लंबित वित्तीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत रविवार को एचआरटीसी धर्मपुर इकाई में छठे दिन भी गेट मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें चालक यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर तथा कंडक्टर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष प्रीत महेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एकजुट रहने का आह्वान किया और संघर्ष को अंतिम परिणाम तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए चालक यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 जून तक कर्मचारियों की लंबित मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 25 जून को प्रदेशभर में चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रबंधन की होगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि कर्मचारियों के वित्तीय देय वर्षों से लंबित पड़े हैं। ऐसे में कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने गेट मीटिंग के दौरान एक स्वर में लंबित महंगाई भत्ता (डीए), ओटीए, एनओए, वर्ष 2016 के वेतन आयोग के बकाया एरियर तथा अन्य वित्तीय देयों का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कंडक्टर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष प्रीत महेंद्र ने कहा कि कर्मचारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारी अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए एक मंच पर एकजुट हैं और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि 9 जून से 23 जून तक प्रदेशभर में गेट मीटिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में धर्मपुर इकाई के कर्मचारियों ने भी संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया तथा सरकार व प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 25 जून को प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाया जाएगा। इस अवसर पर मंडी डिवीजन चालक यूनियन के प्रधान कमलेश कुमार, राजेश कुमार, सुनील कुमार, टेक्नीशियन यूनियन के राकेश कुमार, श्याम लाल सोठा, संतोष कुमार, राकेश कुमार, विपन कुमार सहित बड़ी संख्या में चालक, परिचालक एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें