सतगुरू कबीर साहेब के 627वें प्रकट दिवस बुधवार को कबीर मंदिर टारना मंडी में बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिर कमेटी टारना के प्रधान रूप सिंह कौडल ने बताया कि दोपहर 12 बजे झंडा रस्म अदा की गई, उसके बाद सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूजनीय गुरू दयाल साहेब डेरा बस्सी, डॉ रोहित साहेब छत्तीसगढ़, संत धीरज साहेब रुकदीपुर, संत गोपाल साहेब बाराबंकी से उपस्थित होकर सत्संग रूपी ज्ञान वर्षा कर संगत को निहाल किया। गुरुदयाल साहेब ने कहा कि जिस तरह लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करनी पड़ती है, उसी तरीके से भक्ति, भाव व श्रद्धा से परमात्मा को प्राप्त करने के लिए मेहनत करनी पड़ती है। इसलिए हमें लग्न से साहेब की भक्ति कर सच्चे सद्गुरु को प्राप्त कर अपने जीवन का कल्याण करना चाहिए। डॉ. रोहित साहेब ने कहा कि परमात्मा की प्राप्ति करनी है, तो अपने मन को निर्मल कर भक्ति करें और परमात्मा की प्राप्ति करें। संत धीरज साहेब ने कहा कि अगर हमें भक्ति करनी है, तो हमें बुराईयों का त्याग करना चाहिए, तभी कल्याण संभव होगा। इसके बाद भंड़ारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर मस्त राम चवाड़ी, सिधु राम भारद्वाज, सुखदेव विश्व प्रेमी, चमन राही अन्य मौजूद रहे।