श्रावणी पर्व के अवसर पर शनिवार को डीएवी स्कूल जवाहर नगर मंडी के विद्यार्थियों ने युवा पीढ़ी को वैदिक संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली। पड्डल मैदान से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर सेरी मंच पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर भी शोभायात्रा में विशेष रूप से मौजूद रहीं। डीएवी स्कूल जवाहर नगर के प्रधानाचार्य केएस गुलेरिया ने कहा कि स्कूल में एक सप्ताह तक श्रावणी पर्व के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी धीरे-धीरे वैदिक संस्कारों से दूर होती जा रही है। ऐसे में आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती का संदेश वेदों की ओर लौटो युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।