चैत्र नवरात्र के पहले दिन वीरवार को संतान दात्री माता सिमसा के दरबार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बारिश की हल्की बूंदाबांदी के बीच जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। संतान प्राप्ति की आस लेकर देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। इस बार नवरात्र पर करीब 150 महिलाएं संतान प्राप्ति के लिए मंदिर प्रांगण में स्वप्न फल पाने के लिए भक्ति में लीन होकर डेरा डाले हुए हैं। दिन भर माता की भेंटों, जयकारों और मंदिर में लगी घंटियों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। निसंतान दंपती माता के प्रांगण में संतान सुख की कामना के साथ पहुंचे हैं। दूरदराज से आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मंदिर कमेटी की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शारदा माता मंदिर कमेटी के सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से संतान प्राप्ति की कामना के साथ भारी संख्या में महिलाएं मंदिर प्रांगण में स्वप्न के लिए पहुंच रही हैं। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए युवक मंडल सिमस के सौजन्य से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। मंदिर कमेटी और युवक मंडल की ओर से शुरू किया गया यह भंडारा पूरे 10 दिनों तक चलेगा। इस पुनीत कार्य में स्थानीय युवा भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और अपनी सेवाएं दे रहे हैं।