लोकसभा से पंचायत तक हर चुनाव में मतदान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का माध्यम भी है। यह बात डीसी मंडी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्व देवगन ने रविवार को आइटीआइ मंडी में आयोजित 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने नए मतदाताओं को वोटर कार्ड भी बांटे और उपस्थित नागरिकों को हर चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई। अपूर्व देवगन ने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखते हैं। उन्होंने युवाओं और नए मतदाताओं से आह्वान किया कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया से सक्रिय रूप से जुड़ें और निष्पक्ष व शांतिपूर्ण निर्वाचन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और इसी दिन हर वर्ष 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य युवाओं और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा नागरिकों को निर्वाचन के महत्व के प्रति जागरूक करना है। समारोह के दौरान भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश प्रदर्शित किया गया और निर्वाचन कार्यालय मंडी द्वारा तैयार मतदाता जागरूकता फिल्म भी दिखाई गई। चुनाव प्रक्रिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को डीसी मंडी द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर एडीसी गुरसिमर सिंह, एडीएम डॉ मदन कुमार, एसडीएम रूपिन्द्र कौर और तहसीलदार निर्वाचन राजेश कुमार अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।