निर्माणाधीन एनएच 003 में अनियमितताओं समेत अन्य मसलोें को लेकर पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में दस अन्य लोगों ने निर्माता कंपनी के खिलाफ सरकाघाट पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाने के लिए शिकायत दे दी है। जिसकी प्रति डीएसपी और एसपी को भी भेजी गई है। भूपेंद्र सिंह के अलावा हिमाचल किसान सभा के रणताज राणा, दिनेश काकू, सरकाघाट नागरिक सभा के बीडी शर्मा, एनएच प्रभावित संघर्ष समिति के पूर्ण चंद पराशर, अमृत लाल, प्रभावित अविनाश चंदेल, श्रवण कुमार, ओंकार सिंह, परसदा पंचायत की प्रधान सलिता देवी, ठेकेदार रमेश ठाकुर ने एडवोकेट सुरेश शर्मा के मार्गदर्शन में तैयार किए गए शिकायत पत्र के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में पर्यावरण सरंक्षण एक्ट 1999 की सेक्शन 270, 279, 280, 285, 288, 290, 324 (1) व 326 (ए) और (बी) के तहत भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस थाना सरकाघाट में आवेदन किया। भूपेंद्र ने बताया कि निर्माता कंपनी के अलावा क्वालिटी कंट्रोल के लिए भारत सरकार की ओर से नियुक्त कंपनी, भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विभाग हमीरपुर के परियोजना निदेशक व अन्य अधिकारियों को भी शिकायत में पार्टी बनाया गया है। बताया कि सरौन-अवाहदेवी से सरकाघाट-पाड़च्छू तक यूनिट-1 का काम पिछले चार साल से चल रहा है, लेकिन अभी तक भी पूरा नहीं किया गया है। डेढ़ दर्जन मकानों के पास सुरक्षा दीवारें न लगाने से उनके गिरने का खतरा बढ़ गया है। आरोप लगाया कि कंपनी ने कलोट-रखोह, टटीह, सरौर और गासियां खड्ड-पाड़च्छू में अवैध रूप में खड्ड में मलबा डालकर डंपिंग कर दी है। जिससे धर्मपुर कस्बे को भी बरसात में नुकसान हो सकता है। इसी प्रकार अवैध बलास्टिंग, खनन और प्रदूषण नियंत्रण के मापदंडों की उलंघन की जा रही है। इस पर अब उनके खिलाफ हिमाचल किसान सभा व अन्य संगठन पिछले एक महीने से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।