भारतीय जनता पार्टी धर्मपुर मंडल की ओर से आज स्थानीय सभा भवन में 'आत्मनिर्भर भारत' विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अपने संबोधन में अजय राणा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि 'मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं चाहे वह आर्थिक सुधार हो, तकनीकी नवाचार हो या वैश्विक मंच पर भारत की साख बढ़ाने की बात हो। आज पूरा विश्व भारत की ताकत को स्वीकार कर रहा है। पूर्व भाजपा प्रत्याशी रजत ठाकुर ने इस अवसर पर 'लोकल फॉर वोकल' की अवधारणा पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का मूल उद्देश्य देश के स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना है ताकि भारत आत्मनिर्भर बन सके और रोजगार के नए अवसर पैदा हों। कार्यशाला में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष द्वारा किया गया और अंत में सभी ने 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लिया। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष लेखराज, महामंत्री सुरेन्द्र ठाकुर, जिला परिषद सदस्य जगदीश चंद, बीडीसी सदस्य राकेश कुमार, भाजयुमो अध्यक्ष नेकराम सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, बीडीसी सदस्य व भाजपा कार्यकर्ता, मंडल भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।