चिट्टे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बीते दिन भग्यार गांव में सामने आए एक मामले की शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को एएसपी सागर चन्द्र ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित युवक कुलदीप, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों से विस्तार से बातचीत की। एएसपी ने बताया कि कुलदीप के साथ मारपीट करने वाले युवक अजय कुमार के खिलाफ बीएन की छह धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि चिट्टा बेचने और फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी तरह गंभीर है। इस दौरान एएसपी सागर चन्द्र ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों को इन "सांपों और कोबरों" से डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने चिट्टा बेचने वालों की तुलना जहरीले सांपों से करते हुए कहा कि इनका इलाज जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को सुझाव दिया कि गांव स्तर पर एक कमेटी गठित करें और चिट्टा माफिया के खिलाफ आवाज उठाएं। एएसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस ग्रामीणों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि भग्यार गांव समेत इलाके में चिट्टा माफिया की पूरी सूची पुलिस के पास है और सभी को जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी जिला को चिट्टे से मुक्त करना पुलिस का प्राथमिक लक्ष्य है और इसमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।