मंडी जिला पुलिस द्वारा आज मंडी में साइकिलिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया जिसमें मंडी जिला और साथ लगते जिलों से आए 107 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सुबह एसपी मंडी विनोद कुमार ने साइकिलिंग चैंपियनशिप को सेरी मंच से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस चैंपियनशिप को पुलिस ने 6 वर्गों में बांटा हुआ था जिसमें 10 से 14 आयु वर्ग के बॉयज एंड गर्ल्ज, 14 से 18 आयु वर्ग के बॉयज, 14 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की गर्ल्ज, 18 से 25 आयु वर्ग के पुरूष, 25 से 35 आयु वर्ग के पुरूष और 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले पुरूष शामिल रहे। इन सभी के लिए पुलिस द्वारा अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए थे, जिनसे होते हुए यह सभी प्रतिभागी वापिस सेरी मंच पर पहुंचे। विजेता और उपविजेता रहे प्रतिभागियों को जिला एवं सत्र न्यायधीश पारस डोगर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतिभागी अजय मेहता, सुनील बरूपा, भव्य कुमार शर्मा और रिद्धि सुयाल ने इसे मंडी जिला पुलिस की एक बेहतरीन पहल बताया और कहा कि इस तरह की शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने से जहां तन और मन स्वस्थ रहता है वहीं युवाओं को नशे जैसी कुरीति से दूर रखने में भी सहायता मिलती है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष पर जिला पुलिस द्वारा 14 प्रकार की खेलों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें साइकिलिंग प्रतियोगिता भी शामिल है। उन्होंने बताया कि सभी खेलों का एक ही उद्देश्य है कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक कुरीति से दूर रखकर एक स्वस्थ जीवन की तरफ अग्रसर किया जाए। प्रदेश सरकार के इस अभियान को आमजन के सहयोग से सार्थक बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।