राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक पत्रिका ‘विद्यार्थी दर्पण’ का सोमवार को परिसर में भव्य समारोह के दौरान विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने की। इस अवसर पर प्राचार्य ने पत्रिका के मुख्य संपादक प्रो. तिलक शर्मा सहित पूरे संपादक मंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और लेखन क्षमता को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाती है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और साहित्यिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। पत्रिका को ज्ञानवर्धक और रचनात्मक स्वरूप देने में विभिन्न भाषा खंडों के संपादकों ने अहम भूमिका निभाई। हिंदी खंड का संपादन प्रो. संजीव कुमार, अंग्रेजी खंड का संपादन डॉ. पंकज कुमार और पहाड़ी खंड का संपादन डॉ. प्रीति ने किया। इनके मार्गदर्शन में पत्रिका के लिए विविध और उत्कृष्ट सामग्री का संकलन किया गया। पत्रिका के प्रकाशन में छात्र संपादकों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। हिंदी खंड की छात्र संपादक अंशिका, अंग्रेजी खंड की छात्र संपादक शबनम और पहाड़ी खंड की छात्र संपादक कोमल कुमारी के प्रयासों की महाविद्यालय प्रशासन और प्राध्यापकों ने सराहना की। विमोचन समारोह में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।