अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में इस बार पड्डल मैदान मंडी में पहली बार हॉट एयर बैलून स्थापित हो गया है। हॉट एयर बैलून को महोत्सव स्थल के समीप सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया गया है। इसमें सीमित संख्या में लोग एक बार में बैठ सकेंगे और प्रशिक्षित पायलट की निगरानी में बैलून को निर्धारित ऊंचाई तक ले जाया जाएगा। वहां से श्रद्धालु पड्डल मैदान में सजे मेले का 360 एंगल पर नजारे देखने के साथ इस हॉट एयर बैलून को निहार सकेंगे। इसी के साथ आसपास के प्राकृतिक दृश्य एक साथ देख पाएंगे। यह अनुभव न केवल रोमांचकारी होगा बल्कि लोगों को मंडी की खूबसूरती को नए नजरिये से देखने का अवसर भी देगा।