धर्मसंघ श्री बाबा भूतनाथ का 69वां स्थापना दिवस शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बाबा भूतनाथ मंदिर परिसर में विश्व शांति, सुख-समृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा की कामना के साथ हवन-यज्ञ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में उपायुक्त अपूर्व देवगन, नगर निगम महापौर सुमन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति पूजन से हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने धर्मसंघ को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने की प्रार्थना की और धार्मिक-सामाजिक कार्यों में धर्मसंघ की भूमिका की सराहना की। धर्मसंघ के प्रधान भीम चंद सरोच ने बताया कि धर्मसंघ पिछले 69 वर्षों से धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में भाईचारा और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से जल्द ही छोटी काशी के अन्य मंदिरों में भी सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।