गोहर उपमंडल की ग्राम पंचायत अनाह के गांव खूहण निवासी पूर्व सैनिक हवलदार मोहर सिंह पुत्र ब्रिकम सिंह का आकस्मिक निधन हो गया है। वे सेना में जैक रायफल में अपनी 24 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे शिलांग एयरफोर्स कैंप में कार्यरत थे। हाल ही में वे अवकाश पर घर आए थे और छुट्टी समाप्त होने के बाद ड्यूटी पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान 20 जुलाई को प्रातः 10:59 बजे पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार रेलवे स्टेशन में ट्रेन के अंदर उन्हें मृत पाया गया। बुधवार को उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंचाई गई। पार्थिव शरीर के गांव में पहुंचते माहौल गमगीन हो गया। सेना की टुकड़ी ने सलामी दी। इसके बाद समीप के श्मशान घाट पर पूर्व सैनिक को लोगों ने नम आंखों से विदाई दी।