हिमाचल प्रदेश में जल्द पंचायत चुनाव का डंका बजेगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 18 वर्ष पूरा करने वाले युवाओं को वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवाने के लिए 17 अक्तूबर अंतिम तिथि रखी है। एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने लोगों को जागरूक करने के लिए मोबाइल वैन को हरी झंडी देकर रवाना किया है। यह वैन सभी पंचायतों में पहुंचकर नए युवा वोटरों को जोड़ने, गलत तरीके से दर्ज वोटरों का नाम हटाने, जिस व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है और जिनका नाम अभी भी वोटर लिस्ट में दर्ज है उसे हटाने बारे जागरूक करेगी। एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने सभी युवाओं से आग्रह किया है कि जिनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है वह अपना वोटर लिस्ट में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना मैट्रिक का प्रमाण पत्र, फोटो देना होगा। पंचायत सचिव के पास जाकर अपना नाम दर्ज करवाना होगा। कहा कि मोबाइल वैन धर्मपुर की सभी पंचायतों व नगर पंचायतों में जाकर लोगों को जागरूक करेगी। वोटर लिस्ट में कमियों को दुरूस्त करने के लिए सभी आग्रह करेगी। इस मौके पर बीडीओ धर्मपुर बालम राम, पंचायत निरीक्षक संजय परासर, पंचायत उपनिरीक्षक वंदना व ब्लाक के सीओ सुरेश कुमार मौजूद रहे।