हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की उपतहसील पांगणा के अंतर्गत ग्राम पंचायत मशोगल के भुंडल में शुक्रवार देर शाम अंधड़ ने कहर बरपाया। अंधड़ से रसोईघर पर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे के समय रसोईघर के भीतर मकान मालिक व उसका पुत्र माैजूद थे जबकि व्यक्ति की पत्नी पशुशाला में पशुओं का चारा डालने गई थी। जानकारी के अनुसार घर के साथ माैजूद एक विशालकाय पेड़ अचानक उखड़कर घर व आंगन में बनी रसोईघर पर गिर गया। इससे घर के मालिक 42 वर्षीय नारद पुत्र परस राम की मौके पर ही माैत हो गई। नारद का बेटा विनय कुमार(16) घायल हो गया। हादसे में घायल युवक का प्राथमिक उपचार नागरिक अस्पताल करसोग में चल रहा है। युवक की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। वहीं मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। प्रधान ग्राम पंचायत मशोगल मुर्तू देवी ने बताया कि नारद बहुत गरीब परिवार से संबंध रखता था। नारद के परिवार में पत्नी व एक बेटा व बेटी हैं। नायब तहसीलदार पांगणा रूप लाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर शाम को हादसे की सूचना प्राप्त हुई और हलका पटवारी को मौके के लिए रवाना किया गया। मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की फाैरी राहत दी गई है। घायल युवक के इलाज के लिए पांच हजार की राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पूरा प्राकलन तैयार कर परिजनों को बाकी राहत प्रदान की जाएगी।