मंडी नगर निगम के चुनावों में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद पार्टी में आत्ममंथन शुरू हो गया है और हार के कारणों की तह तक जाने के लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने तथ्य जांच समिति का भी गठन कर दिया है। आगामी 6 जून को मंडी निगम में चार सदस्यीय कमेटी नगर निगम के चुनाव में हार का मंथन करेगी। यह जानकारी गुरुवार को मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष व कमेटी संयोजक चेतराम ठाकुर ने दी। प्रदेश नेतृत्व की ओर से गठित यह कमेटी अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगामी संगठनात्मक और राजनीतिक फैसले लिए भी जाएंगे। चेतराम ने बताया कि इस कमेटी में उनके अलावा महामंत्री पवन ठाकुर, महामंत्री हरिकृष्ण हेमराज और जीत सिंह नेगी को सदस्य नियुक्त किया गया है। यह कमेटी पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों के साथ बैठक करेगी। कमेटी का मुख्य उद्देश्य चुनावों में पार्टी की हार के कारणों की समीक्षा करना, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की राय जानना और भविष्य की रणनीति तैयार करना है। चेतराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखती है और हार के कारणों का गंभीरता से विश्लेषण कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी जनता की भावनाओं का सम्मान करती है और कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले समय में और मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाया जाएगा।