मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने आज विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने पर पहले उन्हें गांधी भवन स्थित पार्टी कार्यालय में विधिवत पूजा-पाठ और हवन करवाया। इस मौके पर उनके पिता एवं कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता कौल सिंह ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यभार संभालने के बाद चंपा ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंडी जिला में कांग्रेस पार्टी की हालत दयनीय है और वे इसमें सुधार लाने का पूरा प्रयास करेंगी। जो वर्चस्व कांग्रेस पार्टी का था उसे फिर से स्थापित करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। आने वाले विधानसभा चुनावों में सभी 10 सीटों पर जीत हासिल करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि वे उनकी लड़ाई लड़ेंगी और उनके हर मुद्दों को सरकार व संगठन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी। चंपा ठाकुर ने बताया कि आने वाले 7 से 10 दिनों के भीतर जिला कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।