भाजपा नेता एवं पूर्व में मंडी संसदीय सीट से भाजपा के प्रत्याशी रहे ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह से पूछा है कि उपचुनाव में अपमान के बाद आज उन्हें अचानक मान-सम्मान की याद कहां से आ गई। बता दें, विक्रमादित्य सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट डालकर यह कहा है कि पूर्व सांसद महेश्वर सिंह और पूर्व प्रत्याशी बिग्रेडियर खुशाल ठाकुर का टिकट कटना दुर्भाग्यपूर्ण है और वह उनका मान-सम्मान करते हैं। इस पर ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 2021 के उपचुनाव में सांसद प्रतिभा सिंह ने कारगिल युद्ध को मामूली सी लड़ाई बताकर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों का अपमान किया था। इस युद्ध के लिए उन्हें दिए गए युद्ध सेवा मेडल पर भी गलत टिप्पणी की थी। उस वक्त उन्होंने एक सैनिक का जो अपमान किया आज उन्हें अचानक उनके मान-सम्मान की याद कैसे आ गई। कारगिल युद्ध में 527 रणबांकुरों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी और अपने शौर्य का परिचय दिया था। खुशाल ठाकुर ने स्पष्ट किया कि वे पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और पार्टी के आदेशों पर ही काम करते हैं।