मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत ने कहा कि इंडी गठबंधन व कांग्रेस पार्टी सांप्रदायिक, घोर जातिवादी व परिवारवादी है। 70 सालों तक इन्हीं विषयों पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने राजनीति की है। कांग्रेस ने गरीब, एससी-एसटी, ओबीसी, महिलाओं, देश के हर वर्ग को धोखा दिया। इसलिए आज उनके पास सिर्फ एक ही वोट बैंक बचा है। आज यह लोग एक वोट बैंक को खुश करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण छीनकर बांटना चाहते हैं। वह बल्ह हलके में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। कंगना ने कहा कि अगर आंबेडकर नहीं होते तो आरक्षण विरोधी नेहरू एससी-एसटी को आरक्षण नहीं मिलने देते। नेहरू ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखकर इसका विरोध किया था। नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक इस परिवार के जितने पीएम हुए, सब ने आरक्षण का विरोध किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा विश्व आज भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र बनते हुए देख रहा है। इंडी कांग्रेस नेताओं की सोच विभाजनकारी है। कंगना ने कहा कि जनता भलीभांति समझती है कि कांग्रेस तानाशाही और गुंडागर्दी को महत्व देती है। जनता यह भी जानती है कि कांग्रेस और इनके नेता किस तरह से महिलाओं की निजता व अस्मिता पर प्रश्न उठाते हैं। कंगना ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह की पहचान फेसबुक के नेता के रूप में है। वह मात्र चुनाव जीतने के बड़ी बड़ी बातें कर सकते हैं। 15 महीने मंत्री रहे विक्रमादित्य सिंह मंडी में किए गए कार्यों को बताएं। अगर वह इतना ही विजन मंडी के लिए रखते हैं तो सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के विरोध में क्यों प्रदेश सरकार के साथ खडे रहे और अब जनता को गुमराह करने में लगे हुए हैं।