मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे के मंडी-पधर भाग के तहत द्रंग में दो मकानों के हुए नुकसान का 14 अगस्त को आकलन किया जाएगा। मंडी जिला प्रशासन की कमेटी ने इसके लिए एनएचएआई सहित संबंधित कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की अध्यक्षता में एक संयुक्त टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश जारी कर दिए है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी ने बताया कि संयुक्त टीम में जिला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, एनएचएआई, और निर्माण कार्य कर रही कंपनी द्वारा प्रभावितों के साथ मिलकर सारे नुकसान का आंकलन किया जाएगा। उसी दिन सारा आकलन करने के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर डीसी मंडी को सौंपी जाएगी जिसके बाद इस रिपोर्ट को दिल्ली भेजा जाएगा और वहां से प्राप्त निर्देशों के तहत ही आगामी कार्रवाई अम्ल में लाई जाएगी। बता दें, द्रंग में हाईवे का डंगा धंसने के कारण दो घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। यहां इन घरों को खाली कर दिया गया है और लोग दूसरे स्थानों पर शरण लेकर रहने को मजबूर हो गए हैं। प्रभावितों की मांग है कि उन्हें इसका मुआवजा दिया जाए। इसी बात को लेकर डीसी मंडी ने सारे नुकसान का आकलन करने के लिए संयुक्त निरीक्षण के आदेश जारी किए हैं।